लखनऊ में कभी अपनी हरियाली और दूधिया रोशनी के लिए पहचान रखने वाला अलीगंज सेक्टर-एन वन स्थित लाला लाजपत राय पार्क (बड़ा पार्क) अब बदहाली का शिकार होता जा रहा है। रखरखाव के अभाव में पार्क की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। रोशनी के लिए लगाए गए दर्जनों प्रकाश बिंदु या तो चोरी हो चुके हैं या खोल लिए गए हैं। शाम होते ही पूरे पार्क में अंधेरा छा जाता है। वहीं, पार्क में लगा हाईमास्ट भी लंबे समय से खराब पड़ा है और मरम्मत का इंतजार कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी पार्क के नाम पर क्षेत्र के वार्ड का नाम लाला लाजपत राय वार्ड रखा गया है, लेकिन विडंबना यह है कि वार्ड की पहचान बना यह पार्क ही उपेक्षा का शिकार है। कुछ वर्ष पहले पार्क का सौंदर्यीकरण कराया गया था। उस समय कॉलोनी ही नहीं, आसपास के क्षेत्रों से भी लोग सुबह-शाम टहलने और बच्चों के साथ समय बिताने यहां आते थे। पार्क की देखरेख के लिए दो माली भी तैनात थे। लोगों का कहना है कि अब न तो माली दिखाई देते हैं और न ही कोई जिम्मेदार अधिकारी पार्क की सुध लेने आता है। नियमित सफाई न होने से जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, जिससे पार्क की सुंदरता प्रभावित हो रही है। पार्क में बिजली के कई तार कटे पड़े हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय निवासी मनोज कुमार का कहना है कि अंधेरे और अव्यवस्था के कारण शाम के समय पार्क में आने से लोग कतराने लगे हैं। उन्होंने नगर निगम से पार्क की रोशनी बहाल कराने, हाईमास्ट की मरम्मत, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने की मांग की है।