लखनऊ के चिनहट सतरिख रोड स्थित हंस विहार कॉलोनी में भारत गैस सर्विस एजेंसी पर गैस सिलेंडर को लेकर लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही है। लोग सुबह 8 बजे से ही एजेंसी के बाहर लाइन में खड़े हैं, लेकिन बुकिंग होने के बावजूद उन्हें सिलेंडर मिलने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे अपना सारा काम-धंधा छोड़कर सिर्फ गैस सिलेंडर की पर्ची लेने के लिए एजेंसी के बाहर इंतजार कर रहे हैं। स्थिति यह है कि सुबह से ही सैकड़ों लोग एजेंसी पर जमा हैं और अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। कई लोग ऐसे भी हैं जिन्होंने पूरी रात आराम नहीं किया। मुस्लिम समुदाय के कुछ लोग सहरी करने के बाद सुबह 8 बजे से ही लाइन में लगे हुए हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही उन्हें गैस सिलेंडर मिल जाएगा। लोगों का कहना है कि जल्द ही ईद-उल-फितर का त्योहार आने वाला है। ऐसे में अगर गैस की किल्लत बनी रही तो ईद के मौके पर बनने वाले पारंपरिक पकवानों पर भी असर पड़ सकता है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और गैस एजेंसी से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है