उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव के चौथे दिन शनिवार को लखनऊ हाईकोर्ट परिसर में सुबह 10 बजे से मतदान शुरू हो गया। मतदान के लिए अधिवक्ता मतदाता परिसर पहुंचते रहे, हालांकि पहले के दिनों की तुलना में भीड़ कुछ कम नजर आई। हाईकोर्ट गेट के बाहर प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदाताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाते दिखे। कोई ऑडियो कैसेट के जरिए अपने प्रत्याशी का सीरियल नंबर प्रचारित करता नजर आया तो कोई हैंड माइक सेट से मतदाताओं को नंबर याद दिलाता रहा। अन्य दिनों की तरह सीरियल नंबर लिखी छतरियां, हैंड बिल और स्टीकर भी प्रचार का जरिया बने रहे। प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदान के लिए पहुंच रहे अधिवक्ता मतदाताओं को अपने पक्ष में करने और अपने सीरियल नंबर की ओर ध्यान खींचने की कोशिश करते दिखाई दिए। गौरतलब है कि बार काउंसिल चुनाव के लिए मतदान का अंतिम दिन रविवार 15 मार्च है। उस दिन शाम 5 बजे मतदान प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी।