लखनऊ में संयुक्त वाम दलों के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन में होर्मुज जलडमरूमध्य में भारतीय वाणिज्यिक जहाज पर अमेरिकी नौसेना के कथित हमले की निंदा करते हुए इसे भारत की संप्रभुता और आत्मसम्मान पर हमला बताया गया। वाम दलों ने आरोप लगाया कि अमेरिकी कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में स्वतंत्र नौवहन के सिद्धांतों के खिलाफ है। साथ ही केंद्र सरकार से अमेरिका के विरोध में कड़ा कूटनीतिक रुख अपनाने, हमले में मारे गए भारतीय नाविकों के दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित कराने और मृतक नाविकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। प्रदर्शन में भाकपा (माले), माकपा, भाकपा और ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लॉक के कार्यकर्ता शामिल रहे।