दतिया। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व सोमवार को प्रसिद्ध श्री पीतांबरा पीठ मंदिर परिसर देशभक्ति के तरानों और धार्मिक धुनों से गूंज उठा। टेकनपुर से पहुंचे सैन्य जवानों ने बैंड की शानदार प्रस्तुतियां देकर आध्यात्मिकता और राष्ट्रप्रेम का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। जवानों ने बैंड के माध्यम से देशभक्ति गीतों के साथ धार्मिक धुनें भी प्रस्तुत कीं। मनमोहक धुनें सुनकर मंदिर परिसर में मौजूद दर्शनार्थियों के कदम थम गए। श्रद्धालुओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों का आनंद लिया और कई लोगों ने मोबाइल फोन से वीडियो भी बनाए। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से टेकनपुर बटालियन की ओर से यह विशेष प्रस्तुति दी जा रही है। सैन्य जवानों की प्रस्तुति ने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच देशभक्ति का उत्साह भर दिया।