झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय में सोमवार को तिरंगा वितरण एवं भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. सुधीर कुमार एवं उप-प्रधानाचार्य डॉ. मयंक सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा चिकित्सा विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ ही देश की एकता, अखंडता और गौरव के प्रति उनके दायित्वों के प्रति जागरूक करना रहा। ‘हर हाथ में तिरंगा, हर दिल में हिंदुस्तान’ के भाव के साथ निकली तिरंगा यात्रा में महाविद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओत-प्रोत नजर आया। तिरंगा यात्रा में करीब 521 एमबीबीएस, पैरामेडिकल और नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने पूरे जोश के साथ राष्ट्रप्रेम, एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। कार्यक्रम का आयोजन मेडिकल कॉलेज की सोशियो-कल्चरल सोसायटी के तत्वावधान में किया गया। इसके सफल आयोजन में सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. ओम शंकर चौरसिया, उपाध्यक्ष डॉ. आराधना कनकने, एनएमओ कानपुर प्रांत के सचिव डॉ. सुनील पांडेय और सोशियो-कल्चरल सोसायटी के सचिव प्रियांश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह और उमंग देखने को मिली। यात्रा के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।