आरएस पुरा में अपनी लंबित मांगों को लेकर सफाई कर्मियों का आंदोलन लगातार जारी है, जिसे अब बाजार एसोसिएशन का भी समर्थन मिल गया है। वीरवार को सफाई कर्मियों ने प्रदर्शन कर अपनी मांगों को दोहराया, जबकि बाजार एसोसिएशन के प्रधान सचिन चोपड़ा और अन्य व्यापारियों ने भी उनके समर्थन में आवाज उठाई। बाजार एसोसिएशन ने कहा कि हड़ताल के कारण बाजार और आसपास के क्षेत्रों में कूड़े-कचरे के ढेर लग गए हैं, जिससे गंदगी फैल रही है और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चिंता जताई कि बरसात का मौसम शुरू होने से पहले यदि सफाई व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।