जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में विधायक क्षेत्र विकास निधि (सी डी एफ ) के लाभार्थियों को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। भाजपा के जिला महासचिव राकेश शर्मा ने आम आदमी पार्टी (आप ) के डोडा पूर्व-52 से विधायक मेहराज मलिक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सीडीएफ आवंटन से संबंधित प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 108 लाभार्थियों में से केवल तीन ही हिंदू समुदाय से हैं। मीडिया से बातचीत में राकेश शर्मा ने दावा किया कि यह आंकड़े विधायक मेहराज मलिक के स्वयं को धर्मनिरपेक्ष नेता बताने के दावों के विपरीत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सीडीएफ के लाभार्थियों के चयन में सांप्रदायिक आधार पर भेदभाव किया गया है। भाजपा नेता ने भद्रवाह के जाई में आरिफ की मौत की घटना को लेकर विधायक मेहराज मलिक की हालिया टिप्पणियों की भी आलोचना की। शर्मा का आरोप है कि विधायक ने अपने बयानों के माध्यम से पुलिस, सुरक्षा बलों और समाज को धार्मिक आधार पर विभाजित करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्होंने पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर भी अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी और अब मीडिया के समक्ष भी वही आरोप दोहराए हैं। राकेश शर्मा ने कहा कि समाज में विभाजनकारी राजनीति से बचना चाहिए तथा जनप्रतिनिधियों को सभी वर्गों के साथ समान व्यवहार करना चाहिए।