नौगाम थाने में 14 नवंबर की रात हुए विस्फोट में बलिदान होने वाले पुलिसकर्मियों समेत नौ लोगों के परिजन को एक माह में ही सरकारी नौकरी मिल गई है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को शहीदों के परिवारों को सांत्वना देने के साथ ही उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपे। उपराज्यपाल ने परिवारों को भरोसा दिलाया कि वे अकेले नहीं हैं। पूरा देश उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। उनकी हर सुविधा का ध्यान रखा जाएगा। एलजी ने शुक्रवार को लोकभवन में शहीदों के परिवारों से मुलाकात की। यह बेहद भावुक करने वाला पल था। लोकभवन से आई तस्वीरों में परिवार के सदस्यों की पीड़ा साफ झलक रही थी। नियुक्ति पत्र लेने वालों की आंखें नम दिखीं। कोई फफक कर रो रहा था तो कोई आंसू रोकने की बहुत कोशिशों के बाद भी खुद को संभाल नहीं पा रहा था। छोटे-छोटे बच्चे भी परिवार के साथ आए थे। एलजी ने बच्चों को दुलारा, बड़ों को गले लगाकर सांत्वना दी। मांओं को भरोसा दिलाया कि उनका परिवार अकेला नहीं है।