पश्चिम बंगाल की राजनीति में विधानसभा चुनाव को लेकर माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। राज्य की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने शुक्रवार को अपनी पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी किया, जिसमें विभिन्न सामाजिक योजनाओं, विकास कार्यों और कल्याणकारी वादों को शामिल किया गया है। इस घोषणापत्र को पार्टी ने आगामी चुनावों के लिए अपनी रणनीति का अहम हिस्सा बताया है, जिसका उद्देश्य राज्य के विभिन्न वर्गों को साधना है।
हालांकि, विपक्ष ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता सुकांत मजूमदार ने घोषणापत्र को लेकर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने पिछले 15 वर्षों में इतने वादे और दावे किए हैं कि अब जनता उन पर विश्वास नहीं करती। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घोषणापत्र “झूठ का पुलिंदा” है और लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश है।
भाजपा नेताओं का कहना है कि राज्य में कानून-व्यवस्था, रोजगार और उद्योग जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस इन आरोपों को सिरे से खारिज कर रही है। पार्टी का दावा है कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में राज्य ने सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे, आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होगा। पश्चिम बंगाल में सत्ता की लड़ाई अब और भी दिलचस्प हो गई है, जहां एक ओर सत्ताधारी दल अपने कामकाज के आधार पर वोट मांग रहा है, वहीं विपक्ष सरकार की नीतियों और वादों पर सवाल उठाकर जनता को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रहा है। केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा, "मुख्यमंत्री के 15 साल काम करने के बाद, 15 साल में वे इतना झूठ बोल चुकी हैं कि उनके घोषणा पत्र को कोई देखेगा भी नहीं। वो घोषणा पत्र नहीं झूठ का पुलिंदा है।" हालांकि यहां पर देखने लायक बात ये होगी कि ममता की ओर से इस क्या जवाब दिया जाता है।