देशभर में मानसून अपने चरम पर है। दिल्ली-एनसीआर में उमस भरी गर्मी के साथ-साथ लोगों को बीच-बीच में बारिश भी देखने को मिल रही है, लेकिन दोपहर के वक्त तेज धूप की वजह से लोगों को गर्मी का भी अहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में अगले 6-7 दिनों तक उमस भरी गर्मी के साथ-साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया गया है। दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और तेज धूप भी निकल सकती है। दिल्ली के अलावा पंजाब, हरियाणा, यूपी, उत्तराखंड, राजस्थान समेत पूरे उत्तर भारत में अगले एक सप्ताह तक हल्की से मध्यम बारिश के आसार बन रहे हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने राजस्थान के कई इलाकों में गुरुवार को तेज बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार, 18 जुलाई को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर संभाग के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और कहीं-कहीं भारी से भी भारी बारिश होने की संभावना है। केरल के कई हिस्सों में बुधवार को हुई बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया, जिसके बाद भारतीय मौसम विभाग ने पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी कर लोगों को सचेत किया है। IMD ने एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशुर, कन्नूर और कासरगोड जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
विभाग ने राज्य के बाकी के 9 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। बता दें, ऑरेंज अलर्ट तब जारी किया जाता है तक 11 सेंटीमीटर से लेकर 20 सेंटीमीटर तक की अत्यधिक बारिश का अनुमान हो। येलो अलर्ट 6 सेंटीमीटर से लेकर 11 सेंटीमीटर तक की बारिश होने की संभावना पर जारी किया जाता है। बात करें हिमातल की तो राज्य के सात जिलों में गुरुवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दो दिनों में चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में येलो अलर्ट की स्थिति बनी रहेगी। IMD के अनुसार, हरियाणा के सात जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक व तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। हालांकि, बारिश की संभावना पूरे प्रदेश में बनी हुई है पंजाब में गुरुवार के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। बीतों दिनों हुई बारिश के बाद तापमान में 1.4 डिग्री तक की कमी देखी गई। अगले तीन दिन राज्य में हालात सामान्य रहने वाले हैं, 21 जुलाई से पंजाब में दोबारा से बारिश का नया दौर देखने को मिलेगा।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और झारखंड में दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण बारिश का दौर जारी है। मौसम संबंधी इन कारणों की वजह से देशभर में बारिश हो रही है और अगले कुछ दिनों तक यह जारी रहने की संभावना है। बिहार के विभिन्न जिलों में मानसून इन दिनों पूरी तरह से मेहरबान है. कई जिलों में भारी बारिश का दौर देखा जा रहा है. इसके साथ ही ठनका गिरने के कारण मौतें भी हो रही हैं. इस बीच बिहार के पांच जिलों में भयंकर बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग केंद्र, पटना के मुताबिक, सभी पांच जिलों में भारी बारिश के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है. वहीं IMD के अनुसार हरियाणा के 14 जिलों गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, सिरसा, फतेहाबाद, पानीपत और सोनीपत के 25-50 प्रतिशत क्षेत्र में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 8 जिलों हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, जींद, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में कुछेक स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में 22 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने की संभावना है. तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तेलंगाना और लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश के संकेत हैं. इसके साथ ही अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में समुद्री हालात खराब रहेंगे, जिसे देखते हुए मछुआरों को 21 जुलाई तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है