उत्तर प्रदेश में मौसम इस समय दो अलग-अलग रंग दिखा रहा है। कई जिलों में तेज धूप और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा रही है, जबकि कुछ इलाकों में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश देखने को मिल रही है। गुरुवार को भी तापमान में खास कमी नहीं आई और प्रयागराज समेत कई जिलों में पारा 42 से 43 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने पूर्वी और मध्य यूपी के कई जिलों के लिए लू का येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।
हालांकि राहत की खबर यह है कि उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री अब ज्यादा दूर नहीं है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले दो से तीन दिनों में मानसूनी गतिविधियां तेज होंगी और 29 से 30 जून के बीच प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो सकता है। सबसे पहले इसका असर पूर्वी यूपी में देखने को मिलेगा, जिसके बाद बारिश का दायरा बढ़ेगा और तापमान में 5 से 8 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।