प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण में इटली पहुंच चुके हैं, जहां उनका बेहद गर्मजोशी से स्वागत किया गया। रोम पहुंचते ही भारत और इटली के रिश्तों की नई तस्वीर दुनिया के सामने दिखाई दी। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर खास पोस्ट साझा की। मेलोनी ने पीएम मोदी के साथ तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, “मेरे दोस्त, रोम में आपका स्वागत है।” इस पोस्ट के साथ उन्होंने दोनों नेताओं की तस्वीर भी साझा की, जिसने सोशल मीडिया पर तेजी से सुर्खियां बटोरीं।
प्रधानमंत्री मोदी के रोम पहुंचने पर वहां रहने वाले भारतीय समुदाय में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। प्रवासी भारतीयों ने भारतीय संस्कृति की झलक पेश करते हुए पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित किए। ढोल-नगाड़ों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान एक खास पल तब देखने को मिला जब एक बच्चे ने पीएम मोदी को उसका बनाया हुआ चित्र भेंट किया। प्रधानमंत्री ने बच्चे से बातचीत की और उस चित्र पर ऑटोग्राफ देकर उसका उत्साह बढ़ाया।