Pitampura Tubata Restaurant: दिल्ली के पीतमपुरा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां पर एक रेस्टोरेंट में एक दंपती को जाने से रोका गया है। कपल ने आरोप लगाते हुए कहा कि, सूट-सलवार और पैंट टी-शर्ट में होने की वजह से उन्हें पीतमपुरा के एक रेस्टोरेंट में घुसने से रोक दिया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया वायरल हो गया और बवाल मच गया। जैसे ही यह मामला दिल्ली सरकार के सामने आया तो मंत्री कपिल मिश्रा ने इस मामले की तुरंत जांच और कानूनी कार्रवाई करने के आदेश दे दिए।
वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा और दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने सोशल मीडिया पोस्ट में गुस्सा जाहिर किया और बताया कि मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। कपिल मिश्रा ने अपने ट्वीट में लिखा, 'दिल्ली में यह अस्वीकार्य है। पीतमपुरा के एक रेस्टोरेंट में भारतीय परिधानों पर रोक का वीडियो सामने आया है। यह अस्वीकार्य है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी ने घटना का गंभीरता से संज्ञान लिया है। अधिकारियों को इस घटना की जांच और तुरंत कार्यवाही का निर्देश दिया गया है।'
इस ट्वीट के कुछ देर बाद ही कपिल मिश्रा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए बताया कि रेस्टोरेंट के संचालकों ने स्वीकार कर लिया है कि परिधान आधारित कोई प्रतिबंध अब नहीं लगाएंगे। कपिल मिश्रा ने रेस्टोरेंट के मैनेजर और डायरेक्टर का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "पीतमपुरा के इस रेस्टोरेंट के संचालकों ने स्वीकार कर लिया है कि परिधान आधारित कोई प्रतिबंध अब नहीं लगाएंगे व भारतीय परिधानों में आने वाले नागरिकों का स्वागत करेंगे । रक्षाबंधन पर भारतीय परिधानों में आने वाली बहनों को कुछ डिस्काउंट भी देंगे।"