पटना के पारस हॉस्पिटल में 5 बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। युवक की पहचान चंदन मिश्रा के तौर पर हुई है। जो पैरोल पर इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती था। हॉस्पिटल के सीसीटीवी में चारों आरोपियों का वीडियो कैद हो गया है। जिसमें वे हॉस्पिटल की गैलरी से कमरे में घुसते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस को कमरे से गोलियों के 12 खोखे बरामद हुए हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह चार हमलावर अस्पताल में घुसते हैं और पैंट से पिस्टल बाहर निकालते हैं फिर कमरा नंबर 209 में घुसते हैं उसके बाद चंदन मिश्रा को गोली मार देते हैं। वीडियो में सारे बदमाशों के चेहरे साफ नजर आ रहे हैं. यानी पुलिस के लिए इन्हें पकड़ना आसान होगा. पांच में से चार बदमाशों के सिर पर टोपी है. एक बदमाश जो सबसे आगे है उसने टोपी नहीं पहनी है. हत्या के बाद बड़े आराम से एक-एक कर सभी मौके से फरार हो जाते हैं. वीडियो में साफ दिख रहा है कि हत्या करने वाले बदमाशों के चेहरे पर कोई खौफ नहीं है. वे वार्ड के बाहर दरवाजे पर जैसे ही पहुंचते हैं एक-एक कर हथियार निकाल लेते हैं. सबसे पहले आगे चलने वाले बदमाश ने हथियार निकाला. उसके बाद उसके साथ जो पीछे में अपराधी थे उन लोगों ने हथियार निकाल लिया.