फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ketan Agarwal Case: सिया या चेतन, केतन को खाई में किसने धकेला? | Ketan Siya Case | Lohagad Fort

Wed, 01 Jul 2026 08:26 PM IST
Adarsh Jha अमर उजाला डिजिटल डॉट कॉम

पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच अब अहम मोड़ पर पहुंच गई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी चेतन चौधरी को लोहागढ़ किले पर ले जाकर पूरे घटनाक्रम का क्राइम सीन रिक्रिएशन कराया। इससे पहले मंगेतर सिया गोयल के साथ भी यही प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कारोबारी केतन अग्रवाल को मौत की खाई में आखिरी धक्का आखिर किसने दिया था।

पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में जांच लगातार तेज होती जा रही है। मामले में गिरफ्तार सिया गोयल और चेतन चौधरी की पुलिस हिरासत अदालत ने 3 जुलाई तक बढ़ा दी है। इसी बीच पुलिस ने बुधवार को मुख्य आरोपी चेतन चौधरी को लोहागढ़ किले पर ले जाकर घटनास्थल का क्राइम सीन रिक्रिएशन कराया, जिसे जांच का सबसे अहम चरण माना जा रहा है।

सुबह करीब आठ बजे पुलिस की टीम कड़ी सुरक्षा के बीच चेतन चौधरी को लोहागढ़ किले पर लेकर पहुंची। करीब ढाई घंटे तक घटनास्थल पर उसी क्रम में पूरी घटना को दोहराया गया, जैसा अब तक की जांच में सामने आया है। यह प्रक्रिया सुबह लगभग साढ़े दस बजे तक चली, जिसके बाद आरोपी को वापस लोणावला ग्रामीण पुलिस थाने ले जाया गया।

क्राइम सीन रिक्रिएशन के दौरान पुलिस अपने साथ केतन अग्रवाल के वजन के बराबर का एक डमी भी लेकर पहुंची थी। अधिकारियों ने आरोपी से पूरी घटना को दोहराने के लिए कहा। जांच के दौरान चेतन ने उस डमी को लगभग 300 से 400 फीट गहरी खाई में धक्का दिया। इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की गई, ताकि बाद में फोरेंसिक और जांच के अन्य पहलुओं से उसका मिलान किया जा सके।

जांच का सबसे बड़ा सवाल अब भी यही बना हुआ है कि केतन अग्रवाल को अंतिम धक्का आखिर किसने दिया था। क्या खाई में धकेलने की मुख्य भूमिका सिया गोयल की थी या चेतन चौधरी की? इसी सवाल का जवाब तलाशने के लिए पुलिस दोनों आरोपियों का अलग-अलग क्राइम सीन रिक्रिएशन करा रही है। इससे पहले सिया गोयल को भी घटनास्थल पर ले जाकर पूरे घटनाक्रम को दोहराया गया था।

सूत्रों के मुताबिक, रिक्रिएशन के दौरान उस स्थिति को भी दोबारा बनाया गया, जिसमें केतन और सिया आगे-आगे चल रहे थे, जबकि चेतन कुछ दूरी बनाकर उनके पीछे चल रहा था। पुलिस अब दोनों आरोपियों के बयानों, घटनास्थल से जुटाए गए भौतिक साक्ष्यों और रिक्रिएशन के दौरान सामने आए तथ्यों का आपस में मिलान कर रही है।

जांच अधिकारियों का मानना है कि यदि आरोपियों के बयान घटनास्थल की परिस्थितियों और वैज्ञानिक साक्ष्यों से मेल नहीं खाते हैं, तो यह उनके खिलाफ मजबूत सबूत बन सकता है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन, डिजिटल डेटा और फोरेंसिक रिपोर्ट की भी बारीकी से जांच कर रही है।

फिलहाल इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में कई सवालों के जवाब अभी मिलने बाकी हैं। लेकिन क्राइम सीन रिक्रिएशन के बाद जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि हत्या की पूरी साजिश, दोनों आरोपियों की भूमिका और केतन अग्रवाल की मौत से जुड़े अहम तथ्यों की तस्वीर जल्द साफ हो जाएगी। अब सबकी नजर पुलिस की फोरेंसिक रिपोर्ट और अगली जांच कार्रवाई पर टिकी हुई है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें