भारत से निकले सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडलों ने हाल ही में अबू धाबी, टोक्यो और मॉस्को की कूटनीतिक यात्राओं के दौरान एक स्पष्ट और ठोस संदेश दिया है — आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई केवल भारत की नहीं, बल्कि पूरी मानवता की है। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में अप्रैल में हुए आतंकी हमले के बाद यह प्रयास भारत की वैश्विक छवि को सुदृढ़ करने और अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने की रणनीति का हिस्सा है।
अबू धाबी में अनवर गर्गाश डिप्लोमैटिक एकेडमी के डायरेक्टर जनरल निकोलाय ई. म्लाडेनोव से मुलाकात में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे ने किया। उन्होंने म्लाडेनोव के साथ व्यापक वार्ता की, जिसमें दोनों पक्षों ने आतंकवाद के खात्मे, रणनीतिक सहयोग और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे मुद्दों पर गंभीर चर्चा की।