फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi NCR Rain-Thunderstorm: Delhi-NCR में तूफानी बारिश का वीडियो देखा क्या? छा गए काले बादल

Thu, 04 Jun 2026 03:42 PM IST
Adarsh Jha अमर उजाला डिजिटल डॉट कॉम

दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को आखिरकार राहत मिलने लगी है। गुरुवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और कई इलाकों में तेज आंधी, घने बादल और बारिश देखने को मिली। गुरुग्राम में तेज अंधड़ के साथ धूलभरी हवाएं चलीं, जबकि दक्षिण दिल्ली के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। मौसम के इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

मौसम विभाग ने पहले ही दिल्ली-एनसीआर के लिए बारिश और आंधी का यलो अलर्ट जारी किया था। विभाग के अनुसार 4 जून से 6 जून तक क्षेत्र में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं और धूलभरी आंधी भी चलने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि इन मौसमी गतिविधियों के चलते अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहेगा।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है, जिसका असर उत्तर भारत के कई हिस्सों में दिखाई दे रहा है। इसी सिस्टम के कारण दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में मौसम में बदलाव आया है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादलों की आवाजाही बढ़ी है और बारिश की परिस्थितियां बनी हैं।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 6 जून तक अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इससे लोगों को लू और भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि विभाग ने चेतावनी दी है कि आंधी के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने और खुले क्षेत्रों में रहने से बचना चाहिए।

दूसरी ओर बुधवार को दिल्ली में सुबह से ही तेज धूप और उमस का असर देखने को मिला था। दिनभर लोगों को गर्मी ने परेशान किया। मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई थी, लेकिन देर शाम तक अधिकांश इलाकों में बारिश दर्ज नहीं की गई। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम आर्द्रता 76 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 41 प्रतिशत रही, जिसके कारण उमस का एहसास बना रहा।

मौसम विभाग के अनुसार 7 जून से 9 जून के बीच मौसम अपेक्षाकृत स्थिर हो सकता है। इस दौरान आसमान साफ रहने और बारिश की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान है। इसके चलते तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी हो सकती है और पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है।

फिलहाल दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए अगले तीन दिन राहत भरे रहने वाले हैं। आंधी, बादल और बारिश का यह दौर गर्मी से परेशान लोगों को कुछ समय के लिए राहत जरूर देगा, लेकिन अगले सप्ताह से एक बार फिर तापमान बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें