राजधानी दिल्ली और एनसीआर के लोगों के लिए अच्छी खबर है, मौसम विभाग के अनुसार इस हफ्ते मौसम काफी सुहाना रहने वाला है, इस पूरे हफ्ते यानी 30 अगस्त तक यहां बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। हल्की से मध्यम बारिश के बीच बादल, गरज-चमक और बौछारें मौसम को और भी सुहाना बना देंगी। वहीं, सितंबर की शुरुआत भी बारिश के साथ होगी।
भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में इस पूरे हफ्ते मानसून सक्रिय रहेगा। 28 अगस्त को अधिकतम तापमान 33-34 डिग्री और न्यूनतम 23-24 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। हल्की बारिश और बादल बने रहेंगे। जबकि 29 और 30 अगस्त को तापमान 32-34 डिग्री के बीच रहेगा। मौसम लगभग ऐसा ही रहेगा, बौछारें पड़ सकती हैं। 31 अगस्त को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री के बीच रह सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार अगस्त के आखिरी हफ्ते तक मानसून सक्रिय रहेगा। हल्की-फुल्की बारिश और ठंडी हवाओं से दिल्ली-एनसीआर का मौसम खुशनुमा बने रहने की संभावना है।