फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi-NCR Rain: दिल्ली-NCR में भारी बारिश ने रोकी रफ्तार, कई जगहों पर जलभराव से लगा लंबा जाम

Thu, 10 Jul 2025 02:34 AM IST
भास्कर तिवारी वीडियो डेस्क, अमर उजाला डॉट कॉम

कई दिनों तक तेज गर्मी और उमस झेलने के बाद बुधवार को आखिरकार राजधानी दिल्ली-NCR में मानसून मेहरबान हो गया. शाम होते-होते आसमान में छाए घने बादल बरसने लगे और लोगों को नमी भरी चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली. हालांकि दिन में मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया था, लेकिन शाम को तेज बारिश के बाद इसे रेड अलर्ट में बदल दिया गया. मौसम विभाग के अनुसार, मध्यम से भारी बारिश की संभावना है, जिसमें बिजली की चमक और बादलों की गर्जना के साथ रुक-रुक कर बारिश जारी रहने की चेतावनी दी गई है. बारिश के दौरान दिल्ली के कई इलाकों में लोग सड़कों और पार्कों में बारिश का लुत्फ उठाते नजर आए. खास तौर पर इंडिया गेट पर पहुंचे पर्यटकों ने बारिश का खूब आनंद लिया और मौसम के खुशनुमा हो जाने पर खुशी जताई.

हालांकि, इस अचानक तेज बारिश ने जहां एक ओर राहत दी. वहीं, दूसरी ओर कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की भी स्थिति पैदा कर दी है. तेज बारिश के चलते दिल्ली, गुरुग्राम समेत पूरे एनसीआर क्षेत्र में सड़कों पर भारी जलभराव हो गया. इससे न केवल मुख्य मार्गों पर, बल्कि हाईवे पर भी भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई. लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे और यातायात पूरी तरह से ठप हो गया.दिल्ली में तेज बारिश का असर विमानों के परिचालन पर भी पड़ा. दिल्ली एयरपोर्ट पर आने वाली 6 विमान को डायवर्ट किया गया, दो विमान को लखनऊ और चार को जयपुर डाइवर्ट किया गया.  स्पाइसजेट और इंडिगो सहित कई एयरलाइंस ने ट्रैवल एडवाइस जारी की है. बारिश इतनी तेज थी कि दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस वे पर नरसिंहपुर से रजोकरी बॉर्डर तक करीब 15 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

हाईवे के जलमग्न होने के कारण वाहनों की रफ्तार रुक गई और ट्रैफिक रेंगता रहा। सबसे ज्यादा परेशानी ऑफिस से घर लौट रहे लोगों को हुई, जिन्हें घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा। इतना नहीं इस दौरान कई निजी अस्पतालों की एंबुलेंस भी इस महाजाम में फंसी रहीं, बताया जा रहा है कि इन एंबुलेंस में मरीज हैं। राजीव चौक, हीरो होंडा चौक और सुभाष चौक जैसे मुख्य जंक्शनों पर पानी भर गया। सुभाष चौक पर तो लगभग ढाई फीट तक पानी जमा हो गया, जिससे वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। राजीव चौक के पास पार्किंग के सामने वाली सड़क, शीतला माता रोड, सदर बाजार, बस अड्डा रोड और आसपास की कॉलोनियों में भी सड़कों पर पानी भर गया। बारिश के बाद गुरुग्राम की सड़कों पर सिर्फ पानी ही पानी नजर आया और जगह-जगह जाम की वजह से लोग परेशान दिखे। वहीं मानसून आने के बाद नोएडा में पहली बार बुधवार शाम से देर रात तक लगातार बारिश हुई। 2-3 घंटे तेज बारिश होने के बाद देर रात तक लगातार हल्की हल्की बारिश से शहर में चारों तरफ पानी-पानी हो गया।

नोएडा प्राधिकरण के नाला-नाली सफाई करवाकर जल निकासी के दावे जगह-जगह सड़कों पर हुए जलभराव में डूबते नजर आए। हालात ये रहे कि सड़क पर पैदल निकलने वाले लोगों के घुटनों तक पानी रहा। मुख्य सड़कों से लेकर सेक्टर के अंदर तक पानी भर गया। बारिश के साथ ही शहर में जाम भी लगा। चिल्ला बॉर्डर समेत कई जगहों पर लोग जाम से परेशान हुए। जलनिकासी की उचित व्यवस्था न होने की वजह से सेक्टर-1 में बारिश ने तकरीबन सभी रास्ते चोक कर दिए। टकसाल रोड से डीएससी रोड को जाेड़ने वाली सड़क पर पानी भरा। इसके आगे गेल दफ्तर के दोनों तरफ की सड़कें जो उद्योग मार्ग को जोड़ती हैं वह जलभराव से तालाब बन गई। लोगों का इन सड़कों से पैदल निकल पाना मुश्किल हो गया। शाम को छह बजे कार्यालयों की छुट्टी के समय हल्की हल्की बारिश शुरू हो गई। करीब सात बजे तेज बारिश शुरू हुई जिसने कर्मचारियों को जहां-तहां रोक दिया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें