एलपीजी सिलिंडरों के संकट को लेकर मचे हाहाकार के बीच तेल कंपनियों ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश में पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति पर कोई संकट नहीं है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के समूह (ओएमसी) ने कहा है कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति सामान्य है और उपभोक्ताओं को घबराने या अतिरिक्त स्टॉक करने की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि पेट्रोल-डीजल व घरेलू गैस सिलिंडर की कथित किल्लत की अफवाहें फैलाकर इसकी आड़ में जमाखोरी व कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि राज्य में पेट्रोल-डीजल व घरेलू गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक है। हर जिले में पेट्रोल डीजल की पूरी उपलब्धता के साथ-साथ पर्याप्त संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं।