Chapra Election Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम में छपरा सीट पर सभी की नजरें रहीं। राज्य की 243 सीटों में छपरा सबसे हॉट सीटों में से एक थी। भोजपुरी सिनेमा के मशहूर गायक और अभिनेता खेसारी लाल यादव आरजेडी की तरफ से छपरा सीट से अपनी किस्मत आजमा रहे थे। हालांकि, उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।
छपरा से आरजेडी के खेसारी लाल यादव को भाजपा की छोटी कुमारी ने चुनाव में हरा दिया। खेसारी लाल यादव को छोटी कुमारी ने 7600 वोटों से हरा दिया। खेसारी को 79245 वोट मिले। जबकि छोटी के खाते में 86845 वोट आए। शुरुआती चरण में खेसारी को बढ़त मिलती दिखी थी, लेकिन वोटों की गिनती आगे बढ़ने के साथ ही बीजेपी उम्मीदवार ने मजबूत बढ़त बना ली।
बता दें कि, बीजेपी ने दिग्गज नेताओं का टिकट काटते हुए छपरा विधानसभा सीट से 35 वर्षीय छोटी कुमारी को उम्मीदवार बनाया था। इस सीट पर कुल 10 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला था। बीजेपी, आरजेडी और जनसुराज के अलावा भारतीय एकता दल, भारतीय लोक चेतना पार्टी, आजाद समाज पार्टी (कांसी राम) ने अपने उम्मीदवार उतारे थे। इसके अलावा चार निर्दलीय भी मैदान में थे। हालांकि, असली मुकाबला आरजेडी और बीजेपी के बीच ही रहा।