Bihar Election 2025: महागठबंधन में सीट बंटवारे की घोषणा से पहले ही राष्ट्रीय जनता दल के नेता और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए हाई-प्रोफाइल सीट राघोपुर से नामांकन दाखिल कर दिया है। इस दौरान उनके साथ उनके पिता लालू प्रसाद यादव, मां राबड़ी देवी, बहन मीसा भारती, वरिष्ठ नेता संजय यादव सहित कई अन्य राजद नेता मौजूद थे।
नामांकन दाखिल करने के बाद राजद नेता तेजस्वी यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, "राघोपुर की जनता ने हम पर लगातार दो बार भरोसा किया है। जनता मालिक है। यह तीसरी बार है जब हमने राघोपुर से अपना नामांकन दाखिल किया है। हमें विश्वास है कि राघोपुर की जनता एक बार फिर हम पर भरोसा करेगी।"
तेजस्वी ने अपने बयान में आगे कहा कि, "हम सिर्फ़ सरकार नहीं बनाना चाहते, हम बिहार बनाना चाहते हैं। अब बिहार भ्रष्टाचार और अपराध मुक्त राज्य बनना चाहता है। कई लोग अफवाह फैला रहे थे कि हम दो जगहों से चुनाव लड़ेंगे। तेजस्वी 243 सीटों से चुनाव लड़ रहा है, लेकिन जब एक सीट की बात आती है, तो हम पहले से ही राघोपुर से चुनाव लड़ते रहे हैं और केवल राघोपुर से ही चुनाव लड़ रहे हैं।"