AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन औवेसी ने चुनावी अभियान रैली को संबोधित करते हुे कहा," आप जानते हैं कि 20 साल से पीएम मोदी और नीतीश कुमार ने बिहार का बुरा हाल करके रख दिया है...पेंशन के लिए लूटा जा रहा है और 20 साल से इतना भ्रष्टाचार यहां पर हो रहा है इसके बावजूद नीतीश कुमार और पीएम मोदी भ्रष्टाचार को खत्म करने का नाम नहीं लेते हैं। मैं पीएम मोदी और नीतीश कुमार से पूछना चाहता हूं कि आज जो हमारे बहनों के खाते में पैसे डाले जा रहे हैं वो आपके जेब के पैसे हैं कि जनता का पैसा है? ये पैसा जनता का है जिसको 20 साल से नीतीश कुमार ने भ्रष्टाचार से लूटा है। आप 8000-10,000 रुपए डाल रहे हो जबकि आपको सभी महिलाओं के खाते में कम से कम 25,000-50,000 रुपए डालने चाहिए थे
AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन औवेसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर अक्सर हमलावर रुख अपनाया है। आरएसएस पर उनका सबसे तीखा वार भारत के स्वतंत्रता संग्राम में उसकी भूमिका को लेकर होता है। औवेसी लगातार यह दावा करते हैं कि आरएसएस ने आजादी की लड़ाई में कोई योगदान नहीं दिया और प्रधानमंत्री मोदी इस संबंध में झूठ बोलते हैं। उन्होंने आरएसएस के किसी भी सदस्य का नाम बताने की चुनौती दी है, जिसने स्वतंत्रता संग्राम में अपनी जान गंवाई हो। इसके अलावा, औवेसी आरएसएस की विचारधारा को भारतीय संविधान और मुसलमानों के खिलाफ बताते हैं, और आरोप लगाते हैं कि उनकी सदस्यता की शपथ देश के संविधान के विरुद्ध है।
पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए औवेसी ने उन्हें "सबसे बड़ा झूठा" तक कहा है। वह पीएम मोदी पर मुस्लिम विरोधी नीतियां अपनाने और समाज में सांप्रदायिकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हैं। औवेसी ने विशेष रूप से मोदी सरकार द्वारा लाए गए वक्फ कानून पर भी सवाल उठाए हैं।
नीतीश कुमार को लेकर औवेसी ने उन पर राजनीतिक अवसरवादिता का आरोप लगाया है, खासकर बीजेपी के साथ बार-बार गठबंधन बदलने के लिए। औवेसी ने कहा है कि नीतीश कुमार केवल नाम के मुख्यमंत्री होंगे और राज्य में वास्तविक शासन आरएसएस और पीएम मोदी के इशारे पर चलेगा। चुनावी सभाओं में, उन्होंने मुसलमानों से राजद और एनडीए के वोट बैंक की राजनीति से बाहर निकलकर अपने हक के लिए लड़ने का आह्वान किया है। उन्होंने यह सवाल भी उठाया है कि अगर 3% जनसंख्या वाला व्यक्ति उपमुख्यमंत्री बन सकता है, तो 17% वाला व्यक्ति मुख्यमंत्री क्यों नहीं बन सकता।