युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखने और खेलों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गांव खुही झोड़ोवाल में महादेव क्लब की ओर से क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। क्षेत्र में शुरू हुए इस खेल महाकुंभ को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतियोगिता में 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जो आने वाले दिनों में खिताब के लिए जोर आजमाइश करेंगी। आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें नशे की प्रवृत्ति से दूर रखना है। मौजूदा समय में बढ़ते नशे के खतरे को देखते हुए क्लब ने यह पहल की है, ताकि युवा अपनी ऊर्जा खेलकूद जैसी सकारात्मक गतिविधियों में लगा सकें।