कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक विवेक शर्मा ने सरकारी कार्यक्रमों को लेकर बड़ा और स्पष्ट बयान देते हुए कहा कि जब तक प्रदेश सरकार की वित्तीय स्थिति पूरी तरह से मजबूत नहीं हो जाती, तब तक किसी भी प्रकार के भव्य या सम्मानित कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि न तो स्मृति चिन्ह दिए जाएंगे, न शाल-टोपी पहनाई जाएगी और न ही वीवीआईपी या वीआईपी संस्कृति को बढ़ावा दिया जाएगा। सभी कार्यक्रम पूरी तरह सादगी और अनुशासन के साथ आयोजित किए जाएंगे। विवेक शर्मा ने बताया कि इस संबंध में बंगाणा के उपमंडलाधिकारी नागरिक बंगाणा को स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस समय आर्थिक चुनौतियों से जूझ रही है और ऐसे में फिजूलखर्ची करना उचित नहीं है। जनता के पैसों का सदुपयोग करना सरकार की प्राथमिकता है और यही कारण है कि सादगीपूर्ण कार्यक्रमों पर जोर दिया जा रहा है।