ऊना जिला भर में शनिवार को विश्वकर्मा दिवस धूमधाम से मनाया गया। कड़ी में नगर परिषद संतोषगढ़ के प्राचीन श्री विश्वकर्मा मंदिर में भी हजारों श्रद्धालुओं ने माथा टेका। इस मौके पर मंदिर के बाहर श्रद्धालु माथा टेकने के लिए लंबी कतारों में लगे रहे। मंदिर में स्थापित प्राचीन बाबा विश्वकर्मा मूर्ति का आशीर्वाद लेकर श्रद्धालुओं ने अपने कारोबार में सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर कमेटी की ओर से बाबा विश्वकर्मा मंदिर को फूलों पर रंग-बिरंगी लाइटों से दुल्हन की तरह सजाया गया था। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने लंगर प्रसाद को भी ग्रहण किया। जबकि यहां पहुंचे प्रसिद्ध गायकों ने बाबा विश्वकर्मा की महिमा का गुणगान किया।