कुटलैहड़ के कुछ दूरदराज के क्षेत्रों में बस सेवाएं बंद होने पर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने सरकार को चेताया है कि यदि यह सेवाएं 15 दिनों में बहाल न हुईं तो वे ग्रामीणों के साथ सड़कों को प्रदर्शन करेंगे। वीरेंद्र कंवर ने कहा है कि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री के गृह जिले में आम जनता के साथ इस प्रकार का संवेदनहीन कृत्य बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि नई सडकों के साथ पुरानी सड़कों पर भी बस सेवा को बंद कर दिया गया है जिससे ग्रामीणों के रोजमर्रा के कार्यों पर इसका विपरीत प्रभाव हो रहा है। उन्होंने कहा है कि कुटलैहड़ के दूरदराज के क्षेत्रों की पुरानी सड़कों- हंडोला से जगातखाना, बंगाणा से चपलाह व नई सड़कों- लिदकोट से सलांगड़ी वाया चुगाठ-सहनाल, सैली से हंडोला वाया कमून पर बस सेवा बंद कर दी गई है।