अंब(ऊना)। मुबारिकपुर स्थित गगरेट रोड पर एक तीन मंजिला खिलौनों की दुकान में अचानक आग लग गई। इस हादसे में दुकान की सबसे ऊपरी मंजिल में रखे लगभग छह लाख रुपये से अधिक के इलेक्ट्रिक खिलौने जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। हालांकि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई और स्थानीय लोगों की मदद से दुकान की निचली दो मंजिलों में रखे लाखों रुपये के सामान को जलने से बचा लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात लगभग सवा नौ बजे गगरेट रोड स्थित रितिक कालिया पुत्र बुद्धदेव कालिया की दुकान की तीसरी मंजिल से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप ले लिया और ऊपरी हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने तुरंत अपने स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और साथ ही घटना की जानकारी तुरंत दमकल विभाग के अंदौरा स्थित फायर स्टेशन को दी। घटना की सूचना मिलते ही अंदौरा फायर स्टेशन से इंचार्ज अशोक कुमार, फायरमैन मनोहर सिंह, चालक रंजीत सिंह और हवलदार दविंदर जीत की टीम फायर ब्रिगेड की गाड़ी के साथ तुरंत मौके पर पहुंची।