चिंतपूर्णी में लुधियाना धर्मशाला में शादी समारोह में शामिल होने आए युवक राकेश नारी और विनोद स्वाणा ने शनिवार को मानवता और साहस का परिचय देते हुए ऊना के टैक्सी चालक हनी की जान बचाई। जानकारी के अनुसार हनी सवारी छोड़कर चिंतपूर्णी से ऊना लौट रहा था, तभी बाबा माईदास सदन के पास अचानक उसे चक्कर आ गया और वह वाहन चलाते हुए ही बेसुध होकर गिर पड़ा। स्थिति को गंभीर होता देख राकेश नारी और विनोद स्वाणा ने तुरंत मौके पर समझदारी दिखाई। दोनों ने गाड़ी का शीशा तोड़कर चालक हनी को बाहर निकाला और वाहन को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर किया, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना को टाला जा सका। उसी समय वहां मौजूद लोगों ने एंबुलेंस को बुलाने की व्यवस्था की। कुछ देर बाद चालक हनी को होश आ गया और उसने अपने आप को ठीक बताया, जिसके बाद एंबुलेंस को वापस भेज दिया गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने दोनों युवकों के साहस और तत्परता की जमकर प्रशंसा की।