जिला ऊना के उपमंडल बंगाणा क्षेत्र में शाम लगभग पांच बजे तेज हवाओं सहित बारिश शुरू हो गई। मौसम की करवट बदलने से गर्मी से लोगों को राहत मिली है, लेकिन किसानों के लिए ये बारिश आफत बनकर आई है। वहीं, राज्य के अधिकांश इलाकों में मंगलवार को भी गरज के साथ बारिश हुई। राजधानी शिमला में दोपहर के समय बादल बरसे। मौसम विभाग ने राज्य के ज्यादातर जिलों के लिए 7 मई से 10 मई तक तेज हवाएं, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। विभाग ने इस दौरान लोगों से सतर्क रहने और खुले में न जाने की सलाह दी है। इसके साथ ही किसानों को भी अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।