उपमंडल बंगाणा की धुंधला पंचायत के वार्ड नंबर चार में खेल मैदान के निर्माण को रोकने को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। युवाओं की मांग पर शुरू किए गए इस खेल मैदान के कार्य को फॉरेस्ट विभाग द्वारा रुकवाए जाने के बाद ग्रामीणों में खासा रोष देखने को मिल रहा है। इस पूरे मामले में समाजसेवी, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं राष्ट्रीय ह्यूमन राइट्स युवा विंग के प्रदेश चेयरमैन अजय ठाकुर खुलकर ग्रामीणों और युवाओं के समर्थन में सामने आए हैं। जानकारी के अनुसार धुंधला पंचायत के वार्ड नंबर चार में पंचवटी पार्क के समीप एक खाली पड़ी सरकारी भूमि को समतल कर खेल मैदान के रूप में विकसित किया जा रहा था। स्थानीय युवाओं का कहना है कि क्षेत्र में खेल गतिविधियों के लिए कोई समुचित मैदान नहीं है, और चार किमी की दूरी पर की खेल मैदान भी नहीं है। जहां पर युवा अपनी खेल गतिविधियों की प्रैक्टिस कर सके और उसे कारण उन्हें अभ्यास और प्रतियोगिताओं की तैयारी में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी आवश्यकता को देखते हुए समाजसेवी अजय ठाकुर ने ग्रामीणों और युवाओं के सहयोग से खेल मैदान तैयार करने की पहल की थी। हालांकि जैसे ही खेल मैदान को समतल करने का कार्य शुरू हुआ, फॉरेस्ट विभाग की ओर से इसे तुरंत रुकवा दिया गया। विभाग का तर्क था कि यह भूमि वन विभाग की है, जबकि अजय ठाकुर और ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि यह जमीन फॉरेस्ट की नहीं, बल्कि प्रदेश सरकार के अधीन सरकारी भूमि है। इसी बिंदु को लेकर अब विवाद और तेज हो गया है। सोमवार को अजय ठाकुर ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।