गगरेट विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख समाजसेवी संस्था शहीद भगत सिंह क्लब गगरेट द्वारा शुक्रवार को अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गगरेट में स्थित आजाद के स्मारक स्थल पर पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए और उनके अदम्य साहस व बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ की गई, जिसके बाद उपस्थित सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर महान क्रांतिकारी को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष मनीष ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि चंद्रशेखर आजाद केवल एक नाम नहीं, बल्कि देशभक्ति, आत्मसम्मान और संघर्ष की जीवंत मिसाल हैं। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आजाद ने कम उम्र में ही अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी और देश को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त कराने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं को सोशल मीडिया और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। देश को आगे बढ़ाने के लिए ईमानदारी, अनुशासन और सेवा भाव की जरूरत है, जो हमें आजाद के जीवन से सीखने को मिलती है। उन्होंने यह भी कहा कि आजाद ने यह संकल्प लिया था कि वे अंग्रेजों के सामने कभी आत्मसमर्पण नहीं करेंगे और उन्होंने अपने इस प्रण को अंतिम सांस तक निभाया।इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि देश के वीर सपूतों के बलिदान को याद रखना हर नागरिक का कर्तव्य है। ऐसे कार्यक्रम समाज में देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को प्रेरणा देते हैं।कार्यक्रम में क्लब के सभी सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उन्होंने एक स्वर में देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। अंत में “भारत माता की जय” और “इंकलाब जिंदाबाद” के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा।