प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई-3) के तहत केंद्र सरकार के सहयोग से निर्मित सड़कों की उद्घाटन पट्टिकाओं पर सांसद का नाम अंकित नहीं होने के मामले को लेकर भाजपा ने सवाल उठाए हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम मिन्हास ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय करने और नियमानुसार पट्टिकाओं में संशोधन करने की मांग की है। शुक्रवार को नगर पंचायत अंब स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में शाम मिन्हास ने कहा कि हाल ही में इस संबंध में समाचार प्रकाशित होने के बाद लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता (एसई) की ओर से यह स्पष्टीकरण दिया गया था कि संबंधित जनप्रतिनिधियों को उद्घाटन समारोह के लिए निमंत्रण भेजा गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग का यह स्पष्टीकरण वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खाता। इस अवसर पर भाजपा चिंतपूर्णी अपर मंडल महामंत्री कुलदीप ठाकुर तथा कार्यकर्ता रशपाल भी उपस्थित रहे।