बंगाणा उपमंडल में मूसलधार बारिश ने सरकारी विभागों को भारी नुकसान पहुंचाया है। बंगाणा उपमंडल में सड़कें अवरुद्ध, पेयजल आपूर्ति योजनाएं भी बाधित रहीं। सबसे ज्यादा असर लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग पर पड़ा है। लोनिवि के एक्सईएन अरविंदर लखनपाल ने बताया कि विभाग को लगभग 4.50 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। कई लिंक सड़कों पर भूस्खलन और धंसाव के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। हालांकि प्रमुख सड़कों जैसे बंगाणा-धनेटा, ऊना-लाठियानी हाईवे, और थानाकला-भाखड़ा मार्ग पर यातायात बहाल कर दिया गया है। जल शक्ति विभाग के एक्सईएन राकेश ठाकुर ने बताया कि विभाग को करीब 2 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। रामगढ़ धार, थानाकला और आस-पास की पेयजल योजनाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। पाइप लाइनें बह गई हैं, टैंक क्षतिग्रस्त हैं और स्रोतों में गाद भर गई है। हालांकि मुच्छाली वार्ड की योजना बहाल कर दी गई है और बाकी योजनाओं को भी जल्द बहाल करने का प्रयास जारी है। विद्युत विभाग को भी लगभग 7 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।