जिला मंडी में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता हेतु राष्ट्रीय किसान संगठन ने भी धन संग्रह अभियान शुरू कर दिया है। इस क्रम में आज संगठन के कार्यकर्ताओं ने बंगाणा के थाना कलां क्षेत्र तथा आसपास के गांवों में जनसम्पर्क कर राहत हेतु धन एकत्र किया। धन संग्रह करने वालों में राष्ट्रीय किसान संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी देशराज मोदगिल, ज्ञान चंद, राम किशन, मोहन लाल, रमेश सोनी समेत कई अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे। सभी ने लोगों से अपील की कि वे इस मुश्किल समय में आपदा पीड़ितों की सहायता हेतु यथासंभव योगदान करें। देशराज मोदगिल ने कहा कि संगठन केवल किसानों के हितों के लिए ही नहीं, बल्कि हर संकट में समाज के साथ खड़ा रहता है। उन्होंने बताया कि एकत्रित राशि शीघ्र ही संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सीएम राहत कोष में जमा करवाने हेतु सौंपी जाएगी।