उपमंडल बंगाणा स्थित डुमखर क्रिकेट स्टेडियम में आगामी सेकंड सीनियर नेशनल हैमर बॉल चैंपियनशिप को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आज हिमाचल प्रदेश की लड़के और लड़कियों की टीमों ने मैदान में अभ्यास मैच खेला और चैंपियनशिप के लिए खुद को तैयार किया। वहीं, हैमर बॉल एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश की एक महत्वपूर्ण बैठक भी स्टेडियम परिसर में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता अध्यक्ष अभय राणा ने की। बैठक में 13 से 15 जून तक होने वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप की रूपरेखा को अंतिम रूप देने पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्धारण किया गया। बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष जगदीश सहोता, संयोजक संरक्षक अमन शर्मा, रणधीर कुमार, प्रवीण कुमार, विशाल भारती शर्मा, विनोद कुमार तथा सुमित सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। चैंपियनशिप को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह चरम पर है। आयोजन समिति ने समस्त व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने का भरोसा दिलाया है, ताकि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सके।