चंडीगढ़-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर झालेडा और बसाल स्थित ख्वाजावीर के समीप जलभराव की समस्या लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। हल्की बारिश के बाद भी सड़क पर पानी जमा हो जाने से वाहन चालकों और राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से बनी इस समस्या के कारण हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा होने से सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को होती है। पानी और कीचड़ के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ जाती है, जिससे वाहन अनियंत्रित होने की आशंका बनी रहती है। वहीं, तेज रफ्तार से गुजरने वाले बड़े वाहनों से पानी के छींटे सड़क किनारे खड़े लोगों और दुकानदारों तक पहुंच जाते हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यह समस्या बार-बार सामने आती है। बारिश रुकने के बाद भी कई बार सड़क पर पानी जमा रहता है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर संबंधित विभाग को कई बार अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अभी तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। बरसात के मौसम में स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे स्थानीय निवासियों के साथ-साथ बाहर से आने वाले वाहन चालकों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े विभाग से मांग की है कि सड़क पर जल निकासी के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए। उनका कहना है कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो लगातार बारिश के दौरान यह समस्या गंभीर रूप ले सकती है और किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।