कुटलैहड़ के प्रत्येक गांव तक विकास पहुंचाना है और इसी सोच के साथ लगातार कार्य किया जा रहा है। विधायक ने बताया कि उनके प्रयासों से 15 करोड़ रुपये की तुर्काल पेयजल योजना, 38 करोड़ रुपये की विभिन्न सड़क परियोजनाएं तथा 46 करोड़ रुपये की शिवा परियोजना के तहत पेयजल और सिंचाई से जुड़ी योजनाओं को मंजूरी मिली है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को आधारभूत सुविधाओं का बेहतर लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि आपदा प्रभावित लगभग 480 परिवारों के पक्के मकानों के निर्माण के लिए करीब 5 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध करवाई गई है। इसके अलावा डे-बोर्डिंग स्कूल के लिए एक करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जबकि कुटलैहड़ में शिक्षा क्षेत्र के विकास पर 62 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उनका कहना है कि इन कार्यों से विद्यार्थियों को आधुनिक और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी। विवेक शर्मा ने कहा कि पिछले दो वर्षों में 782 जरूरतमंद एवं गरीब परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से लगभग 4 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई गई। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के सहयोग से भविष्य में भी कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के लिए नई विकास परियोजनाओं को मंजूरी मिलती रहेगी, जिससे क्षेत्र के आधारभूत ढांचे और जनसुविधाओं को और मजबूती मिलेगी।