क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में मंगलवार रात के समय दो स्टाफ नर्सों के शराब के नशे में धुत होने और हंगामा करने का मामला राजनीतिक गलियारों पर जमकर गूंज रहा है। ऊना सदर के भाजपा विधायक सतपाल सत्ती ने क्षेत्रीय अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर जमकर सवाल उठा। उधर आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधियों ने भी इस गंभीर मामले को लेकर अस्पताल की निगरानी व्यवस्था को कटघरे में खड़ा किया। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व ऊना सदर विधानसभा क्षेत्र सीट से विधायक व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने इस मामले पर वीरवार दोपहर को पत्रकार वार्ता की। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल में नशे में धुत स्टाफ का मामला सामने आना प्रदेश सरकार की विफलता को उजागर करता है। कहा कि जिन लोगों के हाथों में लोगों की जिंदगियां बचाने का जिम्मा होता है, अगर वही ड्यूटी टाइम नशे में धुत होकर उल्टियां मारते हुए दिखें तो, इससे सरकार व स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली का अंदाजा लगाया जा सकता। अस्पताल में पहले दवाई माफिया तो सक्रिय था, अब शराब का अड्डा बनने लगा है। सत्ती ने कहा कि हैरानी तो तब हुई जब एक बड़ा नेता अस्पताल में पूरा दिन बैठकर समझौता करवाने में लगा रहा। विधायक सतपाल सत्ती ने केवल अमर उजाला में प्रकाशित हुए समाचार की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं में ऐसी गंभीर खामियों और लापरवाहियों को उजागर करना चाहिए।