राजकीय महाविद्यालय बंगाणा में निर्माणाधीन बहुउद्देशीय हाल का शिलान्यास 15 अक्टूबर 2021 को किया गया था, लेकिन लगभग तीन वर्षों के बाद भी यह कार्य अधूरा पड़ा है। इस स्थिति को देखते हुए मंगलवार को पूर्व ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने बहुउद्देश्यीय हाल का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष चरणजीत शर्मा, पंचायत प्रधान विजय शर्मा व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूर्व मंत्री कंवर ने कहा कि इस परियोजना के लिए धनराशि की स्वीकृति सांसद अनुराग ठाकुर से उनके कार्यकाल में करवाई गई थी, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि आगामी 19 जुलाई को ऊना में होने वाली जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केवल इस बहुउद्देश्यीय हाल ही नहीं, बल्कि केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई कई अन्य परियोजनाएं भी अधूरी पड़ी हैं, जिन्हें दिशा बैठक में सांसद अनुराग ठाकुर के समक्ष उठाया जाएगा। पूर्व मंत्री ने कहा कि धन की कोई कमी नहीं है, केवल इच्छाशक्ति की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान विधायक को इन अधूरे कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करवाना चाहिए। यदि कोई नया प्रोजेक्ट शुरू नहीं भी किया जाता है, तब भी इन अधूरे कार्यों को पूरा कर लोगों को राहत दी जा सकती है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि कोई अपने नाम की पट्टिका लगवाना चाहता है तो लगवा ले, उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन कार्य पूरे होने चाहिए ताकि क्षेत्र के लोगों को लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि यदि यह बहुउद्देश्यीय हाल बनकर तैयार हो जाता है तो विद्यार्थियों को खेल व सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध हो सकेगा। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एन.के. लखनपाल ने जानकारी दी कि इस परियोजना का एस्टीमेट रिवाइज किया गया है और इसे शिमला स्थित निदेशक, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के पास स्वीकृति के लिए भेजा गया है। जैसे ही अनुमति प्राप्त होती है, कार्य को शीघ्रता से पूरा किया जाएगा।