स्थानीय लोगों द्वारा बड़ूही चौकी मुख्य सड़क से सरकारी स्कूल तक जाने वाले मुख्य रास्ते के किनारे बनी नालियों की सफाई का अभियान चलाया गया। यह नालियाँ लंबे समय से घास और मिट्टी से भरी होने के कारण पूरी तरह से बंद पड़ी थीं, जिससे बरसात के समय जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही थी। गौरतलब है कि नालियों से पानी की निकासी अवरुद्ध होने के कारण स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसे देखते हुए क्षेत्रवासियों ने खुद ही सफाई अभियान की कमान संभाली और स्वेच्छा से नालियों की सफाई की। स्थानीय निवासी गुरनाम सिंह ने कहा, सरकार पक्के रास्तों और नालियों का निर्माण कराती है, लेकिन उनकी देखभाल और सफाई करना हमारी जिम्मेदारी बनती है। यदि हम मिलकर सफाई रखें तो हमारे गांव की सुंदरता और स्वच्छता बनी रहेगी।" इस जनभागीदारी की सराहना करते हुए ग्राम पंचायत बड़ूही के प्रधान जगदीश राम ने कहा लोगों द्वारा किया गया यह प्रयास वास्तव में प्रशंसनीय है। बाकी गांववासियों को भी अपने आसपास की सफाई बनाए रखने के लिए आगे आना चाहिए। ऐसे प्रयास गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहायक होंगे। यह पहल स्थानीय लोगों की जागरूकता और स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता का परिचायक है, जो अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणादायक है।