भरवाईं क्षेत्र के समीप जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव नलसुहा में उस समय दुखद घटना सामने आई, जब अचानक मौसम खराब होने के दौरान आसमानी बिजली एक पेड़ पर गिर गई। इस दौरान पेड़ के नीचे खड़े दो बेसहारा मवेशी उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब क्षेत्र में तेज गर्जना और बारिश का दौर चल रहा था। बिजली गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग सहम गए और तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने देखा कि पेड़ के नीचे खड़े दोनों मवेशी मृत पड़े थे। ग्रामीणों ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उनका कहना है कि इलाके में अक्सर आवारा मवेशी पेड़ों के नीचे खड़े हो जाते हैं, जिससे ऐसे हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि बेसहारा पशुओं के लिए उचित व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।