फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una Weather: तेज बारिश और धुंध से थमी रफ्तार, दिन में ही हेडलाइट जलाकर चले वाहन

Ankesh Dogra Updated Sun, 12 Jul 2026 12:19 PM IST

जिला ऊना में रविवार को हुई तेज बारिश और अंधड़ ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। कई दिनों से पड़ रही उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिली, लेकिन भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण जनजीवन भी प्रभावित हुआ। कई स्थानों पर सड़कें पानी से लबालब भर गईं, जबकि घनी धुंध के कारण वाहन चालकों को दिन के समय भी हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा। रविवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर में शहर और आसपास के इलाकों की सड़कों पर पानी भर गया। कई स्थानों पर जलभराव के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और चालकों को सावधानी के साथ वाहन चलाने पड़े। बारिश के दौरान दृश्यता काफी कम हो गई। धुंध और बारिश के कारण वाहन चालकों को दिन में ही हेडलाइट और इंडिकेटर जलाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। हालांकि, यातायात पूरी तरह बाधित नहीं हुआ, लेकिन लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी। वहीं, इस बारिश ने किसानों के चेहरे भी खिला दिए। पिछले कुछ दिनों से धान और अन्य खरीफ फसलों की सिंचाई को लेकर किसान चिंतित थे। समय पर हुई बारिश से खेतों को पर्याप्त नमी मिली है, जिससे सिंचाई की आवश्यकता कम हुई और किसानों ने राहत की सांस ली। मौसम में आई इस अचानक तब्दीली से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी जिले के कुछ क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है तथा लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सावधानी बरतने की अपील की है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें