पवित्र शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में मंगलवार सुबह श्रद्धालुओं की सेवा भावना का अनोखा उदाहरण देखने को मिला। सुबह करीब छह बजे जब श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मंदिर परिसर का फर्श गंदा पड़ा हुआ है और ठीक तरह से साफ-सफाई नहीं हुई थी। ऐसे में श्रद्धालुओं ने किसी का इंतजार करने के बजाय स्वयं ही सेवा का बीड़ा उठा लिया। कुछ श्रद्धालुओं ने झाड़ू उठा ली तो कुछ ने पोछा लगाकर पूरे मंदिर परिसर के फर्श को साफ करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते कई श्रद्धालु इस सेवा कार्य में जुट गए और थोड़ी ही देर में मंदिर परिसर को साफ-सुथरा कर दिया गया। मंदिर में मौजूद लोगों ने बताया कि माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं में अक्सर ऐसी सेवा भावना देखने को मिलती है। कई श्रद्धालु इसे मां की सेवा मानकर स्वेच्छा से सफाई, व्यवस्था और अन्य कार्यों में सहयोग करते हैं। मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा की गई इस सेवा को देखकर वहां मौजूद लोगों ने भी उनकी सराहना की। श्रद्धालुओं का कहना था कि मां के दरबार में सेवा करने का सौभाग्य हर किसी को नहीं मिलता और मंदिर को साफ-सुथरा रखना भी सभी की जिम्मेदारी है।