ऊना। ग्राम पंचायत बसोली ने पीर निगाह मंदिर के प्रबंधन को जिम्मेदारी उन्हें सौंपने के लिए जिला प्रशासन से गुहार लगाई है। अपनी इस मांग को लेकर पंचायत पदाधिकारी व स्थानीय निवासी सोमवार सुबह आठ दिन में दूसरी बार उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने मांग उठाई कि 13 फरवरी 2026 के कार्यालय आदेश की वर्तमान परिस्थितियों में पुनः समीक्षा कर उसे तत्काल प्रभाव से वापस अथवा संशोधित किया जाए तथा मंदिर का संपूर्ण प्रबंधन नव-निर्वाचित ग्राम पंचायत बसोली को सौंपा जाए। पंचायत प्रधान सतनाम सिंह ने बताया कि पीर निगाह मंदिर केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि क्षेत्र की आस्था, सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय आजीविका का प्रमुख केंद्र है। मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के कारण स्थानीय दुकानदारों, रेहड़ी-फड़ी विक्रेताओं, फूल-माला विक्रेताओं, वाहन चालकों और अन्य कई परिवारों की आजीविका प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़ी हुई है।