प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव विकास ठाकुर ने लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह ऊना में युवाओं को संबोधित करते हुए नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि युवाओं को इस मुद्दे पर जागरूक होने की जरूरत है और इस पूरे घटनाक्रम के पीछे भाजपा की केंद्र सरकार की भूमिका रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही के कारण पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आईं, जिससे लाखों छात्रों के भविष्य पर असर पड़ा है। इस अवसर पर गगरेट के विधायक राकेश कालिया ने भी युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नीट पेपर लीक मामला आरएसएस की सोची-समझी साजिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि किसी देश का भविष्य कमजोर करना हो तो उसके शिक्षा तंत्र को कमजोर कर दिया जाए। राकेश कालिया ने कहा कि वर्तमान में देश का शिक्षा तंत्र प्रभावित हो रहा है और इससे युवाओं का भविष्य संकट में पड़ सकता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस मुद्दे पर खुलकर चर्चा करें और लोगों को जागरूक करें।