फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una: मुख्यमंत्री सुक्खू बोले- भाजपा सरकार और कांग्रेस नेताओं की छवि कर रही खराब

हिमाचल प्रदेश की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार तेज होता जा रहा है। रविवार को मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष सरकार को बदनाम करने के लिए सुनियोजित साजिश रच रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा अपने कार्यालयों में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को बैठाकर कांग्रेस नेताओं को निशाना बना रही है। इस दौरान उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित कई विधायक और वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने पूर्व भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय प्रशासनिक नियंत्रण अधिकारियों के हाथों में था, जबकि वर्तमान सरकार मंत्रिमंडल के माध्यम से निर्णय ले रही है।मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू रविवार सुबह जिला मुख्यालय के सर्किट हाउस में मीडिया से रुबरु हुए। इस मौके पर सीएम ने प्रेस वार्ता में भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के विकास में सहयोग करने के बजाय विपक्ष केवल नकारात्मक राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार और कांग्रेस नेताओं की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार ने प्रदेश को भारी कर्ज में डुबो दिया। उनके अनुसार, वर्तमान सरकार को करीब 76,233 करोड़ रुपये का कर्ज विरासत में मिला था। इसके बावजूद सरकार ने सीमित संसाधनों के बीच बेहतर वित्तीय प्रबंधन करते हुए प्रदेश को आगे बढ़ाने का प्रयास किया है। उन्होंने बताया कि मौजूदा सरकार ने अपने तीन वर्षों के कार्यकाल में लगभग 35,000 करोड़ रुपये का कर्ज लिया, जिसमें से 26,000 करोड़ रुपये पुराने कर्ज के भुगतान में खर्च किए गए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। वर्ष 2023 और 2025 में आई प्राकृतिक आपदाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उस कठिन समय में भी भाजपा ने सहयोग करने के बजाय केवल राजनीतिक बयानबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं और सांसदों ने केंद्र सरकार के समक्ष हिमाचल के हितों की मजबूती से पैरवी नहीं की। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि वर्तमान सरकार में नीतिगत फैसले मंत्रिमंडल स्तर पर लिए जा रहे हैं, जबकि भाजपा शासनकाल में अधिकांश जिम्मेदारी अधिकारियों पर छोड़ दी जाती थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब कुछ देख रही है और आने वाले समय में भाजपा को इसका जवाब देगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें