राजकीय माध्यमिक पाठशाला अमोकाला प्रीतम की तीन छात्राएं सनाया शर्मा, जय श्री और तनवी ने अंडर-14 राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता बाय सीनियर सेकेंडरी स्कूल जुब्बल जिला शिमला में आयोजित हुई थी। इन छात्राओं की उपलब्धि पर बुकला स्पोर्ट्स क्लब द्वारा सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया। इसी पाठशाला के विद्यार्थी तरुण कुमार ने गवर्नमेंट बॉयस सीनियर सेकेंडरी स्कूल चंबा में आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल कर ब्राउन मेडल जीता। बुकला स्पोर्ट्स क्लब ने इन सभी प्रतिभाशाली छात्रों को मोमेंटो व मेडल देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर रिटायर प्रिंसिपल अरुण कुमार भारद्वाज, अशोक कुमार, शुभम शर्मा, अजय कुमार, गुलजारीलाल और रवि दत्त सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को पहचान देना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा। वहीं 2014 से 2025 तक शारीरिक शिक्षक जितेंद्र शर्मा के मार्गदर्शन में इसी स्कूल के 12 विद्यार्थी विभिन्न स्तरों पर नेशनल लेवल के लिए चयनित हो चुके हैं, जो अमोकाला गांव और प्रदेश दोनों के लिए गौरव की बात है।