बरसात के मौसम में ऊना जिले में एक बंद पुल लोगों की लापरवाही के कारण हादसे का खतरा बन गया है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा कारणों से छोटे वाहनों के लिए बंद किए गए पुल पर लगाई गई बैरिकेडिंग को लोग बार-बार तोड़ रहे हैं। इसके बाद कई वाहन चालक जान जोखिम में डालकर खड्ड के रास्ते आवाजाही कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार पुल पर सुरक्षा के लिए पहले भी कई बार बैरिकेड लगाए गए थे, लेकिन कुछ लोगों ने उन्हें हटाकर रास्ता खोल दिया। इसके बाद प्रशासन ने दोबारा बैरिकेडिंग करवाई, बावजूद इसके नियमों की अनदेखी जारी है। लोगों का कहना है कि कुछ वाहन चालक पुल के बजाय खड्ड के बीच से ट्रैक्टर, ऑटो और दोपहिया वाहन निकाल रहे हैं। बरसात के दिनों में यह रास्ता बेहद खतरनाक हो सकता है, क्योंकि पहाड़ी क्षेत्रों में अचानक जलस्तर बढ़ने की संभावना बनी रहती है। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुल को बंद किया है, लेकिन कुछ लोग जल्दबाजी या सुविधा के लिए अपनी और दूसरों की जान खतरे में डाल रहे हैं। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से पुल क्षेत्र में नियमित निगरानी रखने की मांग की है। लोगों ने यह भी मांग उठाई है कि बार-बार बैरिकेड तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई अप्रिय घटना न हो। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और नियमों का पालन करवाने की जरूरत जताई जा रही है।